गंजमुरादाबाद। गोशाकुतुब गांव में आयोजित परंपरागत जल विहार मेला और नौटंकी के दौरान छह से अधिक शरारती तत्वों ने महिला कलाकारों के साथ अभद्रता की। मनपसंद गाने पर नृत्य की मांग को लेकर हंगामा और नौटंकी बंद कराने का प्रयास किया। विरोध करने पर मेला कमेटी के एक सदस्य की लात-घूंसों से पिटाई भी की।
बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गांव गोशाकुतुब निवासी रंजीत, गांव के परंपरागत जलविहार मेला आयोजन कमेटी के सदस्य हैं। रंजीत की ओर से थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि मंगलवार रात मेले में नौटंकी चल रही थी। रात करीब एक बजे गांव का युवक अपने रिश्तेदार और छह से अधिक साथियों के साथ मेले में आया। मंच पर चढ़कर नौटंकी कर रहीं महिला कलाकारों से गाली गलौज की। यही नहीं नौटंकी बंद कराने का प्रयास किया। विरोध करने पर रंजीत की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।