गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से सटी सर्विस लेन पर किसानों ने मक्का की फसल सूखने के लिए डाल दी है। इसके कारण हादसे हो रहे हैं। शनिवार रात बाइक फिसलने से युवक की मौत हो गई थी। एसडीएम ने इसे संज्ञान में लेकर किसानों को समझाने और न मानने पर कार्रवाई की बात कही है।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास बनी सर्विस रोड थाना बेहटामुजावर क्षेत्र के गांव हैबतपुर, जगटापुर, नसिरापुर, खंभौली, कबीरपुर हसनापुर तहिरापुर सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ती है। इस सर्विस रोड से होकर एक्सप्रेसवे के अंडर पास से ग्रामीण आवागमन करते हैं। वर्तमान में रघुरामपुर गांव से लेकर गंगा नदी पुल तक करीब 15 किमी सर्विस लेन पर किसानों ने मक्का की उपज फैला दी है। शनिवार को यहां से गुजर रहा बाइक सवार बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव भिखरियापुरवा निवासी नीरज (19) फिसल गया था। उसकी मौत हो गई थी।
एसडीएम अंकित शुक्ला ने बताया कि सड़क पर मक्का फैलाना अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। इससे हादसे भी हो रहे हैं। किसानों को समझाकर ऐसा करने से रोका जाएगा। जो नहीं मानेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।