हॉटस्पॉट क्षेत्र के बाहर कुछ ऐसे दिखी भीड़।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। लॉकडाउन के दौरान 4 मई से कुछ ढील मिलने के बाद सड़कों पर भीड़ दिखने लगी हैं। शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्र के अलावा कहीं भी लॉकडाउन का असर नहीं दिख रहा है। एक किमी के दायरे में सन्नाटा, हॉटस्पॉट क्षेत्र के बाहर चहलकदमी का रूप ले चुका है। बैरिकेडिंग पर पुलिस की सक्रियता है लेकिन बाकी क्षेत्रों में लोगों की मनमानी पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
सोमवार 4 मई से आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह 10 से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति के बाद कोराना संक्रमण से बचाव के लिए 40 दिनों से घरों में कैद लोग बाहर निकल पड़े। बुधवार सुबह का शहर की सड़कों का नजारा चौकाने वाला रहा। सड़क पर लॉकडाउन के पूर्व जैसे हालात दिखे। गदनखेड़ा बाइपास से जिला अस्पताल और शुक्लागंज मार्ग पर दो व चार पहिया वाहनों की लाइनें लगी रहीं। वाहन में सवार लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भूल गए। बाइक पर 2 से 3 तो कार व अन्य चार पहिया वाहनों में 4 से 6 लोग तक बैठे नजर आए। पैदल व वाहनों से जा रहे कई लोग बिना मास्क ही नजर आए।
सिविल लाइंस, उन्नाव-हरदोई मार्ग, मोतीनगर, आवास विकास बाईपास की ओर जाने वाले मार्गों पर भी भीड़ दिखी। हरदोई ओवरब्रिज से छोटा चौराहा तक हॉटस्पॉट क्षेत्र में जगह-जगह लगी बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिस शहर के मुख्य मार्ग पर लोगों को जाने से रोकती रही।
एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि जरूरी कार्य से जाने वालों को ही निकलने दिया जा रहा है। सड़क पर निकले लोगों से पूछताछ की जा रही है। जो लोग घर से बाहर निकलने की ठोस वजह नहीं बता पाते और बेवजह घूमने की पुष्टि होती है उनपर कार्रवाई भी की जा रही है।