उन्नाव। इलाज के लिए महिला जिला अस्पताल गई एक महिला को पहले न देखने पर एक व्यक्ति ने महिला सीएमएस से मोबाइल पर गाली गलौज की और धमकाया। परेशान सीएमएस ने अस्पताल पुलिस चौकी इंचार्ज को सूचना दी। सीएमएस के मुताबिक फोन करने वाला युवक खुद को समाजवादी पार्टी का नेता बता रहा था।
बुधवार को महिला जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सरोज श्रीवास्तव दोपहर करीब एक बजे गर्भवती का ऑपरेशन थिएटर में इलाज कर रही थीं। एक ओपीडी कक्ष के बाहर उन्हें दिखाने के लिए गई एक महिला ने देर होते देख परिवार के एक व्यक्ति को सूचना दी।
इसके बाद एक व्यक्ति ने सीएमएस को फोन किया और गाली गलौज करते हुए धमकाने लगा। सीएमएस के मुताबिक उन्होंने फोन करने वाले को बताया भी कि वह ओटी में थीं और गंभीर हालत में आई एक गर्भवती का इलाज कर रही थीं। फोन पर खुद को सपा का नेता बताने वाले ने उनकी एक नहीं सुनी। सीएमएस की सूचना पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी इंचार्ज इंदू यादव पहुंची। सीएमएस ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि मामला एक सपा नेता से जुड़ा होने के कारण पुलिस भी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जिस नंबर से सीएमएस को फोन किया गया था उसपर बात की है फोन करने वाले ने गुरुवार को कोतवाली आने की बात कही है।