उन्नाव। अलग-अलग हादसों में महिला और बच्ची समेत तीन की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर मंगलवार देर शाम ट्रक की टक्कर से सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के दराबनगर निवासी बाइक सवार कृष्णपाल (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर लेकर जाते समय देर रात कृष्णपाल की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कृष्णपाल किसी काम से बाइक से मियागंज गया था। लौटते समय यह हादसा हुआ।
अन्य सड़क हादसों में बुधवार सुबह मोहल्ला मोतीनगर में बोलेरो की टक्कर से सफीपुर के मिर्जापुर गांव निवासी बाइक सवार रानू सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गया उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह शहर के मोहल्ला जुराखनखेड़ा निवासी केके तिवारी (30) अपने परिवार के अनिल कुमार (35) के साथ बाइक से बुधवार सुबह सदर बाजार जा रहा था। ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में दोनों घायल हो गए। हरदोई मार्ग पर अब्बासपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से माखी थानाक्षेत्र के रुपऊ गांव निवासी बाइक सवार कमरुद्दीन (25) और उसका साथी अजीत सिंह (18) घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, सदर कोतवाली क्षेत्र के करोवन गांव निवासी रेखा निगम (45) पत्नी कुलदीप निगम बुधवार सुबह करीब दस बजे मोहल्ला गांधीनगर निवासी अपनी परिचित शीला (22) पत्नी गुड्डू के साथ शराब मिल के पीछे स्थित मंदिर जा रही थीं। दोनों रेलवे ट्रैक के किनारे चल रही थीं तभी एलकेएम ट्रेन की चपेट में आने से रेखा की मौत हो गई।
हसनगंज संवाददाता के अनुसार, हसनगंज-मुंशीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार टेंपो पलट जाने से एक तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि उसकी मां समेत छह लोग घायल हुए हैं। बुधवार शाम को हसनगंज से सवारियां बैठाकर मुंशीगंज की ओर जा रहा तेज रफ्तार टेंपो मुंशीगंज के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टेंपो में बैठी हसनगंज थानाक्षेत्र के समदपुर गांव निवासी शशी (25) पत्नी राजेश और उसकी तीन साल की बेटी गुड़िया टेंपो के नीचे दब गए जबकि पांच अन्य यात्री खंती में चले गए।
ग्रामीणों ने टेंपो के नीचे दबी शशी और उसकी बेटी को बाहर निकाला मगर तबतक बेटी गुड़िया की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल शशी के अलावा सरांय मल्कादिम की संतोषी पत्नी श्रीराम, शांती, बदबदा खेड़ा के हसीम पुत्र खुदाबक्श और शहादतगंज लखनऊ निवासी बाबू घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।