हसनगंज के जयप्रकाश नारायण आश्रम पद्धति छात्रावास को सैनिटाइज करता कर्मचारी।
- फोटो : UNNAO
हसनगंज(उन्नाव)। तहसील क्षेत्र के न्यौतनी नगर पंचायत में संचालित जयप्रकाश नारायण आश्रम पद्धति छात्रावास को 500 बेड का कोविड एलवन हॉस्पिटल बनाया जा रहा है। जिले में यह सबसे बड़ा हॉस्पिटल बनेगा। स्वास्थ्य विभाग स्कूल में बेड, बिस्तर की व्यवस्था कराने में जुट गया है। शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बिल्डिंग को सैनिटाइज कराया गया।
कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन जयप्रकाश नारायण आश्रम पद्धति छात्रावास में 500 बेड का कोविड एलवन हॉस्पिटल तैयार करा रहा है। बिल्डिंग में बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इस बिल्डिंग के 56 कमरों को लिया है। जिसमें 38 कमरे छात्रों को पढ़ाने वाले व 18 कमरे प्रशासनिक कक्ष के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले शामिल हैं। शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन ने बिल्डिंग को सैनिटाइज कराया है।
ईओ सुनील कुमार ने बताया कि 500 बेड का कोविड एलवन हॉस्पिटल बनाया गया है। गुरुवार को डीएम ने निरीक्षण कर बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं के निर्देश दिए थे। वह दुरुस्त कराया जा रहा है। बिल्डिंग को सैनिटाइज कराया जा चुका है।
आश्रम पद्धति छात्रावास में 500 बेड का कोविड एलवन हॉस्पिटल बनाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बेड व गद्दे की व्यवस्था कराने के लिए टेंट हाउस से संपर्क किया है। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि टेंट हाउस से संपर्क कर लिया गया है। वहीं से फोल्डिंग व गद्दे मंगवाकर डलवाए जाएंगे। कोविड एलवन हॉस्पिटल बढ़ाए जाने के बाद स्टाफ की भी जरूरत पड़ेगी। अभी तक एलोपैथिक डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जा रही थी। लेकिन अब बेडों की संख्या बढ़ने के बाद अब आयुर्वेद अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। आयुर्वेद अस्पताल में तैनात 60 डॉक्टरों की सूची तैयार की जा रही है।