अलग-अलग थानाक्षेत्रों में ठंड से दो की मौत हो गई। बांगरमऊ कसबे में खेत जा रहे अधेड़ को पेट दर्द के साथ ही ठंड लगी। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। वहीं माखी थानाक्षेत्र के पूरा निस्फ पंसारी में भी सर्दी की चपेट में अधेड़ की मौत हो गई। माखी थानाक्षेत्र के पूरा निस्फ पंसारी निवासी जयकरन सिंह (55) शुक्रवार को वह बाजार से आया था। घर पहुंचने के बाद उसे ठंड लगी और उल्टी शुरू हो गईं। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं बांगरमऊ कसबा निवासी शंकर (50) को शुक्रवार सुबह ठंड लगने के साथ ही पेट दर्द शुरू हो गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
हाल ही में सर्दी की चपेट में आकर तिवारीखेड़ा निवासी जानकी प्रसाद (75), सोहरामऊ के सहरावां गांव निवासी प्रेमशंकर (52) पुत्र भैरो की सिंचाई करने के दौरान मौत हो चुकी है। इसके अलावा माखी के गांव दबौली निवासी बिमला देवी (80) व फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव लोनार निवासी राम भजन पत्नी सोनी (22) की सर्दी लगने से जान जा चुकी है।
यह हो तो जाने लग गई सर्दी
कंपकंपी उल्टी या बेहोशी आना। थका हुआ व कमजोर महसूस करना। सिर में भयंकर दर्द होना।
करें परहेज तो रहेंगे निरोग
सांस व हृदय रोगी मार्निंग वाक से परहेज करें। बदन खासकर कानों को बांध कर रखें। बच्चों को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। नियमित गुनगुने पानी से नहाएं।