चोरी के बाद टूटी अलमारी दिखाती महिला।
- फोटो : UNNAO
फतेहपुरचौरासी। ग्राम बहादुरखेड़ा में बंद घर को निशाना बना चोरों ने जेवर व नगदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़िता ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
फतेहपुरचौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुर खेड़ा निवासी सुनीता पत्नी शिवनाथ ने बताया कि उसके मकान का निर्माण हो रहा है। वह सास श्यामकली के साथ जेठ रामनाथ के मकान में रहती है। सोमवार को वह निर्माणाधीन मकान में रुक गई थी। तभी चोर जेठ रामनाथ के घर में दाखिल हुए। उन्होंने कमरे का ताला तोड़ अलमारी व बक्से में रखे जेवर व 20 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़िता ने बताया कि चोर लगभग दो लाख रुपये का सामान उठा ले गए। सुनीता ने बताया कि जेठ परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहते हैं। चोरों ने उनके कमरों का भी ताला तोड़ा था। हालांकि जेठ के घर से वह कितना माल चोरी कर ले गए यह नहीं पता चल सका। जेठ को चोरी की सूचना दे दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। कार्रवाई की जा रही है।