बिहार थाना क्षेत्र के गांव सिजनी सोहरामऊ में चोर बीती रात दवा व्यापारी के घर से जेवर व नकदी समेत तकरीबन छह लाख का माल समेट ले गए। सुबह घर वालों के जागने पर वारदात की जानकारी हुई। कई मर्तबा सूचना देने के लगभग दस घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की औपचारिकता कर लौट गई।
गांव सोहरामऊ निवासी गंगाधर पटेल का गांव से कुछ दूर मोहकम गंज में मेडिकल स्टोर है। सोमवार की रात खाना खाने के बाद गंगाधर के बेटे महेंद्र व राजन परिवार के साथ मकान की पहली मंजिल पर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
रात में किसी समय मकान के पीछे की दीवार के सहारे चोर छत पर पहुंचे। इसके बाद तीन कमरों का ताला तोड़कर दोनों बहुओं और पत्नी के जेवर व पांच हजार रुपये नकद उठा ले गए। सुबह करीब पांच बजे परिवार के लोग सोकर उठे तब घटना की जानकारी हुई।
गृहस्वामी के मुताबिक जेवर व नकदी समेत चोर तकरीबन छह लाख का माल उठा ले गए। बिहार थाने में कई बार सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मंगलवार को दिन में लगभग तीन बजे पुलिस घटना स्थल पहुंची।
उधर, इस बाबत थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह राठी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद उपनिरीक्षक प्रमोद दुबे को जांच के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। साथ ही दावा किया कि वारदात का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।