औरास। हसनगंज तहसील क्षेत्र में ग्राम औरास में शासकीय भूमि पर बने हाट मिक्स प्लांट को एसडीएम ने बुलडोजर ने गिरवा दिया।
हसनगंज तहसील के ग्राम औरास पर भूमि संख्या 758 रकबा 10 बीघा ऊसर की श्रेणी में अंकित था। पूर्व में ग्रामसभा हाजीपुर गोसा द्वारा मॉडल स्कूल एवं छात्रावास के लिए पुनर्ग्रहण प्रस्ताव पारित किया गया था। 28 दिसंबर 13 को मॉडल स्कूल व छात्रावास के लिए अनुमोदन डीएम ने भी कर दिया था।
यह भूमि नगर पंचायत औरास सीमा से बाहर है इसके बाद भी तत्कालीन अध्यक्ष गीता व उसी समय के ईओ रामअचल कुरील ने अवैध ढंग से कांट्रैक्टर शोभाराम शर्मा को किराए पर दे दी थी। सड़क निर्माण के लिए सामग्री रखकर मशीनें लगाई और हाट मिक्स प्लांट की स्थापना कर ली।
मामले की शिकायत मिलने पर डीएम ने इसकी जांच एसडीएम हसनगंज से कराई। शिकायत सही पाए जाने पर डीएम ने उपजिलाधिकारी ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे से मुक्त कराने के आदेश दिए।
रविवार को एसडीएम हसनगंज प्रशांत भारती औरास, माखी, अजगैन, आसीवन, हसनगंज व सोहरामऊ थाने की फोर्स व चार ट्रक पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर की मदद से प्लांट को गिरवा दिया। एसडीएम ने बताया कि अभी अवैध कब्जे के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया बाद में की जाएगी। प्लांट ध्वस्तीकरण के दौरान सामने स्थित एक धर्मकांटा को भी हटाया गया। इस दौरान तहसीलदार उदयभान सिंह भी मौजूद रहे।