-जिलास्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में उठा अमृत योजना की खराब प्रगति का मुद्दा
-स्थानीय लेखा परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने अगली बैठक से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। विकास भवन सभागार में हुई जिलास्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अमृत योजना की खराब प्रगति और इससे क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा उठाया।
जनप्रतिनिधियों ने जलनिगम के अफसरों से शहरवासियों को अमृत योजना से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का समय पूछा। अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर स्थानीय लेखा परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने अगली बैठक से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लेखा परीक्षा समिति के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बैठक में सड़क, बिजली, सिंचाई, जल निगम, पंचायतीराज, पशुपालन सहित अन्य विभागों की चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान एमएलसी अरुण पाठक ने 2018 से शुरू हुई 264 करोड़ की अमृत योजना का लाभ अभी तक शहरवासियों को न मिलने को लेकर सवाल किया।
इसी बीच कुछ ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्यों ने पाइप लाइन डालने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत न कराने की बात कही। अध्यक्ष ने कहा कि योजना का जल्द काम पूरा करें। अगली बैठक से पहले लोगों को पानी मिल जाना चाहिए। इसी बीच शिक्षा विभाग की योजनाओं का जब नंबर आया तो बीएसए शैलेंद्र पांडेय बैठक में उपस्थित नहीं मिले। इस पर सीडीओ से कहा गया कि बीएसए से स्पष्टीकरण मांगा जाए। समय पर सड़कें न बनने पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि जो ठेकेदार लापरवाही कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई करें। एनआरएलएम से रोजगार पाई महिलाओं की संख्या न बता पाने पर अध्यक्ष ने अगली बार तैयारी करने को कहा।
इंसेट-1
सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों का भी मुद्दा उठा
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़कों पर छुट्टा मवेशी घूम रहे हैं। यह किसानों के साथ वाहन सवारों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। पशुपालन विभाग के अधिकारी गोशालाओं में मवेशियों को संरक्षित नहीं करा पा रहे हैं। अध्यक्ष ने सीडीओ से कहा कि मवेशियों को पकड़वाकर जल्द गोशालाओं में संरक्षित कराएं।
इंसेट-2
इन पर उठे सवाल
-पंचायतीराज विभाग के आरआरसी सेंटर और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन
-अचलगंज सीएचसी में ईसीजी मशीन न लगने पर सीएमओ से सवाल।
-सरकारी नलकूप खराब होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने में समस्या।
उपलब्धियों के यह किए गए दावे
-जनपद में 21 खेल के मैदान मनरेगा से तैयार
-मातृत्व वंदना योजना में जनपद को दूसरा स्थान
-टीबी मुक्त भारत में जनपद के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर सराहना
यह भी रहे मौजूद
-विधायक आशुतोष शुक्ला, बंबालाल दिवाकर, श्रीकांत कटियार, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष संजीव त्रिवेदी, सीडीओ कृतिराज सहित अन्य अधिकारी।