उन्नाव। आईटीआई परिसर में निर्माण को लेकर व्यापारी नेता और संस्थान प्रबंधन के बीच चल रहे विवाद में कोर्ट के आदेश पर आईटीआई प्रिंसिपल समेत तीन के खिलाफ गोदाम की दीवार तोड़ने और कीमती पुर्जे गायब करने का की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि विवेचना में प्रकाश में आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव की आईटीआई परिसर में निर्माण कराने को लेकर छह महीने पहले आईटीआई प्रिंसिपल व अन्य कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। अक्टूबर 2014 में प्रिंसिपल अरुण कुमार ने मारपीट और अभिलेख फाड़ने और अवैध कब्जा और निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं, व्यापारी ने गोदाम की दीवार तोड़कर वहां रखे कीमती पुर्जे गायब करने का आरोप लगाया था। तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न किए जाने के बाद व्यापारी नेता रजनीकांत श्रीवास्तव ने न्यायालय की शरण ली और न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने प्रिंसिपल अरुण कुमार यादव, सुरक्षा अधिकारी गंगाराम वर्मा और फोरमैन अरुण कुमार तिवारी के खिलाफ गोदाम की दीवार तोड़ने और कीमती पुर्जे की पेटियां चोरी करने मुकदमा दर्ज किया है। सदर कोतवाली कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।