बारासगवर। बीघापुर तहसील क्षेत्र के बक्सर स्थित गंगा कटरी इलाके में दो जनपदों के सीमा विवाद की जांच के लिए गुरुवार को फिर संयुक्त खनिज निदेशक जयप्रकाश टीम के साथ क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने दोनों तहसीलों के संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में नाप कराई।
नाप के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति के लिये भारी पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे उन्नाव सीमा से फतेहपुर की ओर 1640 मीटर की ही नाप हो पाई। इतनी नाप के दौरान देर शाम हो जाने के कारण फतेहपुर सीमा से उन्नाव की ओर नाप नहीं हो सकी। संयुक्त निदेशक जयप्रकाश ने समय अधिक हो जाने के कारण 28 दिसंबर को अब फतेहपुर सीमा की तरफ से शेष नाप कराई जाने की बात कही।
गुरुवार को सीमांकन के दौरान तहसील बीघापुर से उपजिलाधिकारी दयाशंकर पाठक, तहसीलदार दिलीप कुमार, सतीश सिंह, बक्सर प्रधान मुन्ना सिंह व फतेहपुर जनपद के बिंदकी तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल व अन्य कर्मचारी, काश्तकार मौजूद रहे। मालूम हो कि फतेहपुर व उन्नाव जनपद के बक्सर स्थित गंगा कटरी इलाके की सीमा विवाद की शुरुआत वर्ष 2017 में बालू खनन का ठेका उठाने के दौरान हुई थी।