बिछिया ब्लॉक में कबाड़ हो रही रखी मत पेटिया।
- फोटो : UNNAO
बिछिया। ब्लॉक अधिकारियों की अनदेखी से पिछले पंचायत चुनाव की हजारों कीमत की मत पेटियां वर्षों से एक जर्जर कमरे में रखी कबाड़ हो रही हैं। दो दिन पहले निरीक्षण करने आए सीडीओ ने मत पेटियों को सुरक्षित कमरे में रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सीडीओ का आदेश ब्लॉक कर्मचारियों ने हवा में उड़ा दिया।
ब्लॉक के एक जर्जर कमरे में वर्षों से हजारों कीमत की पंचायत चुनाव मतपेटियां कबाड़ हो रही हैं। जिस कमरे में इन मत पेटियों को रखा गया है। उसके पल्ले तक गायब हैं। दो दिन पहले सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान मत पेटियों को जर्जर कमरे में खुला देखकर ब्लॉक के बीडीओ चंद्रशेखर को उन्हें तत्काल सुरक्षित कमरों में रखवाने के निर्देश दिए थे। उसके बावजूद भी ब्लॉक के अधिकारियों ने सीडीओ के निर्देश को हवा में उड़ा दिया। निरीक्षण के दो दिन बाद भी जर्जर कमरे में रखी मत पेटियों को आज तक सुरक्षित जगह पर नहीं रखवाया जा सका है। एडीओ पंचायत रवि शर्मा ने बताया कि मतपेटियों को जर्जर कमरे से हटवाने का आदेश सफ ाई कर्मियों को दिया गया है। जल्द ही उन्हें हटवाकर सुरक्षित कमरे में रखवाया जाएगा।