उन्नाव/शुक्लागंज। डीआरएम लखनऊ मंडल ने गुरुवार को उन्नाव और शुक्लागंज का निरीक्षण किया। गंदगी देख पहले फटकार लगाई फिर झाड़ूू उठाकर स्वयं सफाई करनी शुरू कर दी।
इससे अन्य अधिकारी सकते में आ गए और खुद भी साफ-सफाई में जुट गए। वहीं, गंगाघाट स्थित रेल गंगा पुल पर टर्फ बदले जाने को हरी झंडी दिखा दी है।
रेलवे मंडल प्रबंधक लखनऊ मंडल जगदीप राय गुरुवार सुबह 10 बजे अचानक उन्नाव जंक्शन पहुंच गए। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गया। उन्होंने प्लेटफार्मों का निरीक्षण करना शुरू किया। डीआरएम ने बुकिंग विंडों से लेकर टिकट खिड़की का जायजा लिया।
महिला प्रतीक्षालय से लेकर रेलवे क्वार्टरों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंचे तो ट्रैक पर काफी कूड़ा दिखा। उन्होंने अधीनस्थों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद खुद डीआरएम ने झाड़ू मंगवाई और ट्रैक साफ करना शुरू कर दिया। अधिकारी को सफाई करते देख हर अधिकारी के हाथ में झाड़ू नजर आने लगी। करीब एक घंटे तक रेलवे स्टेशन पर सफाई अभियान चलता रहा।
पत्रकारों से डीआरएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत उन्होंने साफ-सफाई की है। पटरी चटकने के सवाल पर कहा कि ठंड के समय ट्रैक में फ्रैक्चर की घटनाएं बढ़ जाती हैं। वैसे अभी कुछ दिन पहले उन्नाव-सोनिक के बीच रेलवे पटरी के धंसने के मामले की जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध वेंडर के सवाल पर गोलमोल जवाब दिया। कहा कि उन्हें तो अवैध वेंडर नजर नहीं आ रहे हैं। फिर भी यदि ऐसा है तो इसकी गुप्त जांच कराई जाएगी।
शुक्लागंज संवाददाता के अनुसार, डीआरएम लखनऊ मंडल जगदीप राय गुरुवार को दोपहर कानपुर पुल बायां किनारा गंगाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से सीधे वह रेल गंगा पुल पहुंचे करीब आधे घंटे तक उन्होंने रेलवे पुल का निरीक्षण किया।
मौके पर रहे चीफ इंजीनियर रेलवे ब्रिज लखनऊ के संजीव लोहिया व अन्य तकनीकी विभाग के अधीनस्थ अधिकारियों से पुल पर बदले जाने वाले टर्फ के बारे में जानकारी हासिल की। चीफ इंजीनियर ब्रिज ने डीआरएम को बताया कि 35 दिन का टारगेट लेकर काम को समाप्त किया जाएगा।
काम कानपुर छोर रेलवे पुल की डाउन लाइन से शुरू होगा। कोशिश होगी कि एक दिन में एक टर्फ को लगाया जाए। इस दौरान डाउन लाइन की कुछ ट्रेनों को अप लाइन से लखनऊ के लिए निकाला जायेगा जबकि 77 जोड़ी मेल ट्रेनों में से कुछ को डायवर्ट किया जाएगा।
इनसेट-
स्टेशन पर होगी एनाउंसमेंट की व्यवस्था
शुक्लागंज। डीआरएम ने बताया कि गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर एक माह के अंदर एनाउंसमेंट की सुविधा यात्रियों को उपलब्ध होगी। जिसके अंतर्गत यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन के बारे में हर पल जानकारी दी जायेगी।