नवाबगंज/उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाइवे पर वाहनों से डीजल लूटने वाले गिरोह का बुधवार तड़के सोहरामऊ पुलिस से आमना-सामना हो गया। लखनऊ की ओर भागने का प्रयास कर रहे ट्रक और एक कार का पुलिस ने काफी दूर तक पीछा किया मगर कोहरा अधिक होने से बदमाश ट्रक छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मध्य प्रदेश के इस ट्रक से पुलिस ने 600 लीटर डीजल, खाली कैन और पचीस मीटर पाइप बरामद किया है।
बुधवार तड़के गश्त के दौरान सोहरामऊ थानाध्यक्ष अनूप सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि हाइवे पर वाहन चालकों से नगदी और डीजल लूटने वाला गिरोह लखनऊ की ओर जा रहा है।
थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ लखनऊ-कानपुर हाइवे स्थित टोल टैक्स बैरियर पहुंच गए। यहां से मध्य प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर के एक संदिग्ध ट्रक को और उसके पीछे एक कार को देखा। बैरियर के पास पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया मगर लखनऊ की ओर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया मगर अत्यधिक कोहरा होने का लाभ उठाकर लुटेरे ट्रक को रसूलपुर मोड़ के पास छोड़कर भाग निकले। अनुमान है कि ट्रक में सवार बदमाश और चालक साथ चल रही कार में बैठकर निकल गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
ट्रक में चालीस लीटर के पंद्रह कैनों में डीजल भरा मिला है जबकि 24 खाली कैन के अलावा वाहन टैंक से डीजल निकालने में प्रयोग किया जाने वाला 25 मीटर रबड़ पाइप भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि ट्रक को सीज कर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर ट्रक मालिक और उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।