उन्नाव। शहर के हिरन नगर मोहल्ले में पारिवारिक कलह से परेशान युवक के खुदकुशी करने के मामले में मां ने मृतक की पत्नी, ससुर, तीन सालों और बिचवानी पर गालीगलौज, धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि सुसाइड नोट लिखने के बाद युवक ने जान दे दी थी।
सदर कोतवाली के हिरन नगर मोहल्ला निवासी शाह मोहम्मद (42) ने मंगलवार को जहर खा लिया था। हैलट अस्पताल, कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक की मां रुकसाना परवीन ने अपनी बहू नजमा खातून, लखनऊ के तेलीबाग रुचिखंड निवासी बहू के पिता मकबूल खान, उसके भाइयों रिजवान खान, इरफान खान और उस्मान खान पर बेटे को आए दिन प्रताड़ित करने, रुपयों की मांग करने और मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया था।
इससे परेशान होकर बेटे ने खुदकुशी की थी। वहीं, शादी कराने वाले बिचवानी रायबरेली जिले के नेवाजीखेड़ा निवासी शब्बन खान पर प्रताड़ना की जानकारी देने के बाद भी आरोपियों का ही साथ देने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। अपराध निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।