उन्नाव। तहसील पुरवा की ग्राम पंचायत मझगवां में ग्रामीणों के यहां बिना किसी शुल्क के मीटर लग गए। अमर उजाला के मीटर लगाने के नाम पर पैसे की वसूली की खबर छापने के बाद ग्रामीण जागरुक हुए और सोमवार को मीटर लगाने पहुंचे प्राइवेट कर्मचारी के पैसे मांगने का विरोध कर दिया।
इसकी शिकायत अधिशाषी अभियंता प्रथम से की तो कर्मचारी चुपचाप खिसक गया। एक्सईएन से संबंधित ठेकेदार को कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। इससे घबराए ठेकेदार ने तुरन्त गांव में निशुल्क मीटर लगवाए।
अमर उजाला ने अपने 28 मार्च के अंक में पेज नंबर 2 पर मीटर के नाम पर वसूली का खेल शीर्षक से खबर छापी थी। बताया था कि प्राइवेट कर्मचारी घरों में जाकर मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। जबकि मीटर निशुल्क लगाने का आदेश है।
मामले की खबर छपने के बाद एक्सईएन रामबुझारत ने इसे गंभीरता से लिया और उन्होंने सभी अवर अभियंताओं को निर्देश दिए कि जो भी ठेकेदार मीटर लगाने में पैसे ले उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की कि मीटर लगाने के नाम पर यदि पैसे की मांग की जाए तो सीधे उनसे शिकायत करें। अमर उजाला ने 29 मार्च को मीटर लगाने में पैसे लेने वाले ठेकेदार पर होगी एफआईआर शीर्षक से पेज नंबर 2 पर खबर छापी। सोमवार को पुरवा के मझगवां गांव में एक प्राइवेट कर्मी मीटर लगाने पहुंचा। मीटर लगाने के नाम पर उसने पैसे की मांग की।
इसका ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। कहा कि मीटर निशुल्क लगाओ। कर्मचारी के ना-नुकुर करने पर लोगों ने एक्सईएन को फोन मिला दिया। अधिकारी से शिकायत करने पर कर्मचारी चुपचाप खिसक गया। एक्सईएन ने संबंधित ठेकेदार को फोन पर जमकर फटकार लगाई और निर्देश दिए कि पैसे मांगने वाले कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराओ।
अमर उजाला ने 31 मार्च को पेज नंबर 7 पर मीटर लगाने में वसूली पर फूटा गुस्सा शीर्षक से खबर छापी। इसके बाद विभाग और ठेकेदार में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन ठेकेदार ने मंगलवार को कर्मचारी को भेजकर गांव में निशुल्क मीटर लगवा दिए। निशुल्क मीटर लगने पर ग्रामीणों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया है। एक्सईएन रामबुझारत ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मीटर लगाने के लिए जो भी पैसे मांगे तो सीधे उनसे शिकायत करें। मीटर लगाने के लिए किसी प्रकार का पैसा न दें।