उन्नाव। पशुपालन विभाग में अधूरे कार्य में 13.80 लाख रुपये के पूर्ण भुगतान सहित अन्य कामों में वित्तीय गड़बड़ी में लेखा पटल प्रभारी की भी संलिप्तता सामने आई है। मामले में लेखा प्रभारी को पटल से हटा दिया गया है।
जिले के 16 विकासखंडों में 12 पशु चिकित्सालयों व दो केंद्रों की मरम्मत व रंगरोगन के लिए 13.80 लाख रुपये आवंटित हुए थे। मामले में तत्कालीन सीवीओ डॉ. महावीर सिंह ने बिना पूर्ण कार्य के कार्यदायी संस्थाओं को पूर्ण भुगतान कर दिया था। शासन तक पहुंची शिकायत के बाद इसकी जांच हुई थी।
विज्ञापन
मामले में गड़बड़ी की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा कार्यालय प्रयोग के लिए की गई सामान खरीद में भी जमकर अंधेरगर्दी सामने आई थी। इसके बाद सीवीओ डॉ. महावीर सिंह को 29 अक्तूबर को निलंबित कर दिया गया था। अब मामले में लेखा पटल प्रभारी प्रीती श्रीवास्तव की संलिप्तता पाई गई है।
इस संबंध में पशुपालन विभाग के अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. सुरेश कुमार ने पत्र जारी किया है। निर्देश दिए हैं कि प्रीती श्रीवास्तव को वित्तीय एवं प्रशासनिक संबंधी कोई भी महत्वपूर्ण कार्य न सौंपा जाए। उनसे केवल सामान्य कार्यों को ही कराया जाए।