उन्नाव। होली के त्योहार में रफ्तार काल बन गई। मौरावां, हसनगंज, सफीपुर व फतेहपुर चौरासी समेत अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई, 24 लोग घायल हो गए। घायलों में 11 लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है।
मौरावां थाना क्षेत्र चंदीखेड़ा मजरे लउवा सिंहनखेड़ा गांव निवासी उमाशंकर (24) पुत्र ललई सोमवार देर शाम बाइक से अपने मौसा के घर चंदनखेड़ा गांव जा रहा था। मौरावां-बछरावां मार्ग पर घसिलावनखेड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगा होने से सिर पर चोट से घायल काफी देर तक सड़क पर बेहोश पड़ा रहा। गश्त कर रही पीआरवी ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। त्योहार के दिन उमाशंकर की मौत से परिवार की खुशियां काफूर हो गई। घर में कोहराम मचा रहा।
मौरावां थाना क्षेत्र में मंशाखेड़ा निवासी अर्जुन (22) पुत्र सिद्धनाथ रावत मंगलवार शाम अपने दोस्त के घर असूलखेड़ा होली मिलने गया था। देर शाम बाइक से घर लौटते समय मौरावां-बिहार मार्ग पर पिंजरा गांव के पास उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे सीएचसी मौरावां भिजवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। परिजन सहित मृतक की मां भगाना बेटे की मौत पर गमगीन हो गए।
मौरावां थाना क्षेत्र के असरीखेड़ा गांव निवासी श्यामलाल (57) पुत्र भैरव लोधी मंगलवार रात साइकिल से हिलौली ससुराल जा रहा था। मौरावां-बछरावां मार्ग पर पश्चिम गांव मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर मोहनलालगंज स्थित एक नर्सिंगहोम ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी मधुरानी बदहवास हो गई।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के कोरौरा ग्राम पंचायत के मजरा महडौरनखेड़ा गांव निवासी राजू (45) पुत्र अर्जुन सिंह व बाबू रैदास मंगलवार को जरूरी काम से हसनगंज गया था। देर रात घर लौटते वक्त कोरौरा पुल के नीचे उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में राजू व उसका साथी बाबू रैदास गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार को राजू की मौत हो गई। बाबू रैदास का इलाज चल रहा है। एसओ एपी सिंह ने बताया कि राजू के परिजनों को घटना की सूचना दी गई थी। जिस पर वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के जुझारपुर गांव निवासी सीताराम (60) मंगलवार को साइकिल से सफीपुर आया था। वापस जाते समय गांव देवरामऊ के पास गांव के संदीप पुत्र बालकिशन की बाइक से उसकी साइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में सीताराम घायल हो गए। राहगीरों ने सीएचसी सफीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे अनिल ने बाइक सवार संदीप निवासी गांव देवरामऊ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव निवासी मैकूलाल की वृद्ध पत्नी राजेश्वरी सोमवार देर रात बरामदे में बंधे मवेशी का दूध निकालने गई थी। दूध निकालने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क पार कर ही रही थी कि बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे के बाद बाइक सवार भाग निकला।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर शेरपुर-परियर मार्ग पर मंगलवार को ग्राम जमालनगर एहतेमाली निवासी पवन पुत्र शिवबालक बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, गांव गदनाखेड़ा निवासी शिवशंकर पुत्र मेवालाल रसूलाबाद मार्ग नया खेड़ा गांव के पास विजली के पोल से टकरा गया। इसके अलावा सरांय सूबेदार गांव निवासी रामसजीवन पुत्र सुखलाल विपतरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा कर घायल हो गया। शाहपुर निवासी बाइक सवार राजू पुत्र रमेश महमूदपुर के पास पुलिया से टकरा कर घायल हो गया। इसी क्रम में कस्बे के मोहल्ला मंगलाबाजार निवासी शिवकरण पुत्र राजेश्वर उन्नाव-हरदोई मार्ग गाव दरौली गेट के समक्ष लोडर से टकराकर घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी 20 से अधिक लोग सड़क हादसों में घायल हो गए।