चमरौली में सड़क बननी शुरू, हाईवे पर दिन भर रेंगा यातायात
उन्नाव/सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर रविवार को चमरौली से सोहरामऊ के बीच निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इस दौरान पूरे दिन वाहन रेंगते हुए निकले।
एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) कानपुर-लखनऊ हाईवे की सड़क का नवीनीकरण करा रहा है। निर्माण एजेंसी ने शनिवार शाम दही चौकी से सोनिक मोड़ तक काम पूरा किया था। रविवार सुबह आठ बजे से चमरौली से सोहरामऊ की तरफ की सड़क का काम शुरू कराया। इसके चलते रविवार को लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर चार किलोमीटर के दायरे में दोनों तरफ के वाहनों को निकाला गया। इससे पूरे दिन यातायात रेंगता रहा। यातायात बाधित न हो इसके लिए निर्माण एजेंसी के कर्मचारी नजर नहीं आए और ना ही पूरे क्षेत्र में बैरीकेडिंग की गई। साइट इंजीनियर अभय कुमार ने बताया कि जहां से रूट डायवर्ट किया गया है, वहां पर बैरिकेडिंग लगाई गई है।
वहीं, सोनिक मोड़ के पास गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन अंडरपास पर रविवार दोपहर गार्डर रखने का काम किया गया। इससे 200 मीटर में वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था की गई। गार्डर रखने के दौरान कुछ देर के लिए यातायात रोका भी गया। इससे करीब एक घंटे तक जाम के हालात बने रहे।