उन्नाव। कोरोना से जिले में गर्भवती महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। जांच में छह की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। छह लोगों की हालत में सुधार पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गांव अकरमपुर निवासी 23 साल की महिला गर्भवती थी। दो दिन पहले परिजन उसे जिला महिला अस्पताल लाए थे। यहां कोरोना पॉजिटिव होने पर परिजनों ने उसे कानपुर हैलट में भर्ती कराया था। वहां उसने दम तोड़ दिया। नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड एलटू अस्पताल में चार दिन से भर्ती सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के गांव उमर हटिया गांव निवासी 64 साल के वृद्ध की मंगलवार को मौत हो गई।
एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से हुई जांच में सिकंदरपुर सरोसी में 32 साल का युवक, सफीपुर में 38 साल की महिला, बांगरमऊ में 45 साल का युवक, मियागंज में 26 साल का युवक, नवाबगंज में 39 साल की महिला व गंजमुरादाबाद में 65 साल के वृद्ध की रिपोर्ट संक्रमित आई हैं। संक्रमितों को बिछिया कोविड एलवन व सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड एलटू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीएमओ डॉ. जयराम सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 3495 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 3202 मरीजों को घर भेजा जा चुका है। 213 का इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना से 80 लोगों की मौत हो चुकी है।