बीघापुर। पंचायतीराज के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव फरवरी, अप्रैल या मई में हो सकते हैं। इस संबंध में जल्द निर्णय ले लिया जाएगा। हफ्ते या दस दिन में इस संबंध में कोई घोषणा हो सकती है। शासनस्तर पर चुनाव कराने को लेकर विचार चल रहा है। अभी फाइनल माह व तिथियों को तय नहीं किया जा सका है। त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था के सभी पदों के चुनाव एक साथ चार अलग-अलग रंगों के मतपत्रों से कराए जाएंगे।
अन्नप्राशन महिला लघु उद्योग निर्माण इकाई के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे अपर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर पंचायतीराज अधिनियम के तहत एडीओ स्तर के अधिकारी प्रशासक नियुक्त किए जाएंगे। अन्न प्राशन महिला लघु उद्योग निर्माण इकाई के लोकार्पण के बाद वह सिकंदरपुर ब्लाक पहुंचे। ब्लाक के सभागार में विकास योजनाओं की समीक्षा कर स्वयं सहायता समूहों की वास्तविकता देखी। ब्लाक मैनेजर शोभना शुक्ला व अनुराग कुमार अपर मुख्य सचिव के सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। इस पर अपर सचिव ने नाराजगी जताई। कहा कि कागजों पर आंकड़ेबाजी के बजाय गांवों में जाकर समूहों की कठिनाइयों को समझें व उन्हें सक्रिय करे। ब्लॉक में 704 स्वयं सहायता समूहों के गठन के दावों के विपरीत सक्रिय समूह काफी कम पाए गए। बीघापुर की ग्राम पंचायत घाटमपुर कला में पंचायत भवन का उद्घाटन किया।
ग्राम पंचायत घाटमपुर खुर्द के सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण करने के बाद मिशन शक्ति के तहत महिला स्वच्छाग्राही एवं सफाई कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। निर्देश दिया कि वह ग्राम पंचायतों में शौचालय के प्रयोग एवं साफ-सफाई के लिए ग्राम वासियों को लगातार जागरूक करते रहे। सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव, डीसी मनरेगा राजेश कुमार झा, बीडीओ चंद्रशेखर, एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे।