उन्नाव। चार दिन पहले दुबई से लौटा युवक कोरोना संक्रमित निकला है। उसे नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ओमिक्रॉन की जांच के लिए सैंपल पीजीआई लखनऊ भेजा गया है। इस समय जिले में कोविड के तीन सक्रिय केस हैं।
ऊंटशार निवासी मोहम्मद उमर (35) दुबई में रहते हैं। 18 दिसंबर को वह घर वापस लौटे थे। 22 दिसंबर को स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा था। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में वह कोविड पॉजिटिव मिले हैं। उमर की मां, पत्नी, बहन व तीन महीने के बच्चे सहित 30 लोगों की कोविड जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। पीजीआई जांच के लिए भेजे गए 1804 सैंपलों की रिपोर्ट का अभी भी स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में बाहर से आने वाले मरीजों को भर्ती करने के लिए अलग वार्ड बनाया गया है।