जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम रवींद्र कुमार। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को कई खमियां मिलीं। दवा स्टोर के उपभोग रजिस्टर में 15 दिन से स्टॉक की इंट्री नहीं मिली। मरीज को बाहर से दवाएं लाने के लिए कहा गया था। ऑपरेशन थियेटर में भी अव्यवस्था पर सीएमएस को सुधार की चेतावनी दी। डीएम ने दोबारा खामियां मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम रवींद्र कुमार दोपहर एक बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचे। यहां सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली। उपस्थित रजिस्टर देखने के बाद वह दवा स्टोर पहुंचे। वहां दवा के स्टॉक से उपभोग रजिस्टर का मिलान किया तो रजिस्टर में 15 दिन का ब्योरा नहीं मिला। इस पर डीएम का पारा चढ़ गया। सीएमएस डॉ. अंजू दुबे को उपभोग रजिस्टर नियमित भरवाने के लिए कहा। उन्होंने कोविड टीकाकरण, ऑपरेशन कक्ष भी देखा। ऑपरेशन कक्ष में उपकरणों का रख-रखाव ठीक न मिलने पर सीएमएस को ओटी पूरी तरह से सुसज्जित और सभी जरूरी उपकरण रखने के आदेश दिए। बाल रोग विशेषज्ञ अरविंद ओपीडी समय में खाना खाते मिले तो उन्हें समय का ध्यान रखने की चेतावनी दी। महिला डॉ. आशा आनंद के कक्ष में खड़े मरीज के हाथ में बाहर से लिखी गई दवाओं की पर्ची मिली। डीएम ने बाहर से न लिखने के लिए कहा। सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल मैनेजर ममता श्रीवास्तव की जानकारी करनी चाही तो वह भी नहीं मिलीं। बाद मेें उनके छुट्टी पर होने की जानकारी दी गई।