मौहारीबाग प्राइमरी स्कूल में वैक्सीनेशन के लिए लगी भीड़ को समझाती स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। मौहारीबाग स्थित प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को लगे टीकाकरण केंद्र पर भीड़ उमड़ी। लोग कोविड से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन तक भूल गए। अधिक संख्या में लोगों को देख महिला स्वास्थ्य कर्मी ने सभी को स्कूल परिसर में बिठा दिया। वैक्सीन के हिसाब से आधार कार्ड जमा कराए। दोपहर बाद तक टीकाकरण चला। उसके बाद वैक्सीन खत्म होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में और वैक्सीन मंगाकर टीकाकरण किया। बीस केंद्रों पर 19 हजार 317 लोगों को टीका लगाया गया।
कोविड से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण में वैक्सीन समय पर न मिलने से स्वास्थ्य विभाग को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। वैक्सीन आते ही टीकाकरण शुरू होेने पर केंद्र के बाहर टीका लगवाने वालों की भीड़ लग जाती है। सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था न होने से स्वास्थ्य कर्मियों को भीड़ से लड़ना पड़ता है। शुक्रवार को अचलगंज में 1150, असोहा में 1094, औरास में 824 व बांगरमऊ में 1287 लोेगों को टीका लगाया गया। बिछिया में 580, बीघापुर में 925, फतेहपुर चौरासी में 1056 व गंजमुरादाबाद में 1051 ने टीकाकरण कराया। हसनगंज में 1340, हिलौली में 1045, मियागंज में 1636, नवाबगंज में 953 व पुरवा में 1100 लोगों को वैक्सीन लगी। सफीपुर में 814, शुक्लागंज में 1054, सिकंदरपुर सरोसी में 877, सुमेरपुर में 981 व जिला अस्पताल में 952 लोगों ने कोविशील्ड लगवाई। सफीपुर में 449 व जिला महिला अस्पताल में 149 लोगों को को वैक्सीन लगाई गई।