उन्नाव। जिले में कई दिन बाद पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन आने से टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ रही। टीका लगवाने के लिए लोगों के बीच धक्कामुक्की होती रही। लोग सामाजिक दूरी भी लोग भूल गए। बीघापुर, बिछिया ब्लॉक सहित अन्य ब्लॉक क्षेत्रों का भी यही हाल रहा। बीघापुर में दोपहर में वैक्सीन खत्म होने से एक घंटे तक टीकाकरण रुका रहा।
सोमवार को ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण, बीघापुर, सुमेरपुर, बिछिया, पुरवा, हिलौली, मियागंज, सफीपुर, फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ व गंजमुरादाबाद में टीकाकरण की शुरुआत हुई। बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र में टीका लगवाने वालों की अधिक भीड़ उमड़ी। लोग सामाजिक दूरी का पालन तक भूल गए। कई लोग बिना टीका लगवाए ही वापस लौट गए। पुरवा ब्लॉक में 14 स्थानों पर कोविड के टीके लगाए गए। सेमरीमऊ, नवांव और चकजमालपुर गांव में दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने पर ग्रामीणों को वापस लौटना पड़ा। बीघापुर के अंबेडकरनगर, शास्त्रीनगर, संदोहीनगर, गांधीनगर, गोदावलेश्वर नगर, अरम, इंदामऊ में टीका लगाया गया। दोपहर तीन बजे वैक्सीन खत्म हो गई। इससे लोग वापस लौटने लगे। पीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज पांडेय को वैक्सीन खत्म होने की जानकारी पर उन्होंने वैक्सीन भेजी, लेकिन काफी लोग जा चुके थे। सफीपुर ब्लॉक क्षेत्र में सीएचसी सहित 13 स्थानों पर टीकाकरण हुआ। इसमें सीएचसी में टीका लगवाने वालों की भीड़ उमड़ी। हिलौली ब्लॉक क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र सहित 11 स्थानों पर टीका लगाया गया। प्रभारी डॉ. राकेश यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के दौरान ऑनलाइन पंजीकरण में दिक्कतें आईं हैं।
जले के 14 केंद्रों पर हुए टीकाकरण में 18061 को कोविड का टीका लगाया गया। मियागंज में सबसे अधिक 2726 लोगों ने टीका लगवाया।
अचलगंज में 2002, बांगरमऊ में 975, बिछिया में 1060, बीघापुर में 1295, हिलौली ब्लाक में 1250, मियागंज में 2726, नवाबगंज ब्लाक में 1407, पुरवा में 2051, सफीपुर में 1624 ने टीका लगवाया। हसनगंज ब्लाक में 1637, सुमेरपुर में 1119, शुक्लागंज नगर में 315 ने टीका लगवाया। जिला अस्पताल 430 और जिला महिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में 170 लोगों ने कोविड का टीका लगा।
परियर। पेट्रोलपंप पर तैनात कर्मचारियों के टीकाकरण के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से बरहली स्थित पेट्रोलपंप पर टीकाकरण शिविर लगाया।
शिविर की शुरुआत हज एवं वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने फीता काटकर की। उन्होंने कहा कि वैक्सीन हर किसी तक आसानी से पहुंच रही है। जिले में संचालित पंपों के कर्मचारियों सहित 187 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। इस दौरान सदर विधायक पंकज गुप्ता, रसूलाबाद चेयरमैन नईमुद्दीन, एचपी सीएल के अहमद हुसैन, दिनेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष अमित त्रिपाठी, सुमित मिश्रा, अमन तिवारी मौजूद रहे। लोगों का आभार डीलर योगेंद्र तिवारी ने व्यक्त किया।