उन्नाव। जिला पुरुष अस्पताल के टीकाकरण बूथ पर टीका लगवाने आए लोगाेें का धूप में खड़े रहने से पारा चढ़ गया। गुस्साए लोगों ने बंद चैनल को तोड़ने का प्रयास किया। इससे स्वास्थ्य कर्मी दहशत में आ गए। बाद में पुलिसकर्मियों ने लोगों को हटाया। लोगों का कहना था कि धूप से बचाने के लिए छाया की व्यवस्था कराई जाए।
जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में टीका लगवाने के लिए सुबह से ही लोग पहुंचने लगते हैं। दोपहर 12 बजे तक सौ से अधिक लोगों की भीड़ लग जाती है। भीड़ को देखते हुए पुलिस कर्मी चैनल बंद कर देते हैं। बाद में पांच-पांच लोगों को अंदर भेजकर टीकाकरण कराया जाता है। छांव की व्यवस्था न होने से धूप में लोगों को घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। इससे आए दिन हंगामा होता रहता है, लेकिन शनिवार को भीड़ अधिक होने के साथ धूप भी चटक थी। सुबह 10 बजे से आए लोगों का दो घंटे बाद भी नंबर न आने से वह भड़क गए और हंगामा करने के साथ ही चैनल तोड़ने का प्रयास किया। चैनल पर खड़े सिपाही ने कोतवाली में सूचना दी। एक गाड़ी फोर्स मौके पर पहुंचा और चैनल पर लटके लोगों को हटवाया। कहा कि शांति से टीकाकरण कराएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।