उन्नाव। कोरोना टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पार्याप्त वैक्सीन ही नहीं है। जिले में वैक्सीन की किल्लत हो गई है। ऐसे में शनिवार को टीकाकरण अभियान में दिक्कतें आ सकती हैं।
जिले में जिला पुरुष व महिला अस्पताल, अरबन सेंटर, कोविड टीकाकरण स्पेशल बूथ, सीएचसी व पीएचसी के साथ नवाबगंज, हसनगंज, मियागंज, सफीपुर व सिकंदरपुर कर्ण सहित छह ब्लॉकाें में विशेष टीकाकरण महाभियान चल रहा है। जिले में कोविशील्ड वैक्सीन की सिर्फ 500 डोज ही बची हैं। को वैक्सीन की पहले से ही दिक्कत है। ऐसे में तो जिन लोगों ने टीकाकरण के लिए पंजीकरण करा रखा है उन्हें ही शनिवार को टीका नहीं लगा पाएगा। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि अभी लखनऊ से वैक्सीन मिलने की हरी झंडी नहीं मिली है। प्रयास किए जा रहे हैं। यदि वैक्सीन नहीं मिलती है तो स्पेशल बूथों का भी संचालन नहीं हो सकेगा।
जिले के 12 केंद्रों पर 281 युवाओं ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। इसमें औरास में 75, बिछिया में 66, गंजमुरादाबाद में 67, पुरवा में 8, सफीपुर में 55, सिकंदरपुर सरोसी में 13, जिला अस्पताल में 43, कोर्ट परिसर में 44, डायट में 47, स्पेशल बूथ पर 42 लोगों को कोविशील्ड लगाई गई। शुक्लागंज में 121 व अरबन सेंटर पर 160 लोगों को कोवैक्सीन लगाई गई।