उन्नाव। कोरोना का टीका लगवाने के लिए अब डाकघरों में भी टीका लगवा सकेंगे। अभी तक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर ही यह सुविधा मिल रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कोविन पोर्टल पर पंजीकरण करने में आ रही समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिले में अभी तक 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पंजीकरण करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर के जरिये लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण कराने की सुविधा दी गई है। अब डाकघरों में भी पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। पोस्ट मास्टर ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों के डाकघरों में शुरू की जाएगी। टीकाकरण के पंजीकरण की सुविधा मुफ्त होगी। इसके लिए डाकघर में अलग से काउंटर बनाया जाएगा। कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। पंजीकरण के लिए लोगों को फोटो, आईडी और मोबाइल साथ लाना अनिवार्य होगा।