उन्नाव। मुंबई से लौटे यात्री सहित जिले में पांच और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रवासी को कोविड अस्पताल व चार अन्य संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है।
बीघापुर निवासी (39) साल का युवक मुंबई में रहता है। शनिवार सुबह पुष्पक एक्सप्रेस से घर वापस लौटा था। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान संक्रमित मिलने पर उसे नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बांगरमऊ में एक, मियागंज में एक, सिकंदरपुर कर्ण में एक व औरास में एक कोरोना संक्रमित मिला है। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि 16 मरीजों की हालत में सुधार हुआ है। (संवाद)
जिले में 97 स्थानों पर 1588 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। सबसे अधिक अरबन सेंटर पर 225, अचलगंज में 220 व शुक्लागंज में 180 लोगों ने कोविड का टीका लगवाया। टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीकाकरण में कोवैक्सीन की 214 व कोविशील्ड के 1374 डोज लगे। (संवाद)