उन्नाव। कोरोना से जिले में बांगरमऊ सीएचसी में तैनात स्टॉफ नर्स सहित तीन लोगों की मौत हो गई। कोरोना की जांच में 83 लोग संक्रमित मिले हैं।
बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टॉफ नर्स सुमन देवी (55) 24 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुई थीं। उन्हें होम आइसोलेट किया गया था। हालत में सुधार न होने पर पांच मई को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। सीएचसी में दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति की कामना की गई। इस दौरान प्रभारी डॉ. मुकेश सिंह, डॉ. सुनील राठौर, डॉ. दिलीप, डॉ. मनोज, डॉ. चंद्रकिशोर, फार्मासिस्ट बीपी यादव व प्रेम कुमार शामिल रहे। नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पताल में भर्ती बारासगवर के रुद्रपुर गांव निवासी रामसेवक (85) के संक्रमित होने पर 16 मई को भर्ती कराया गया था। बुधवार को उन्हाेंने दम तोड़ दिया। आदर्शनगर निवासी शीतला प्रसाद उर्फ रज्जन गुप्ता (64) को बुखार आने पर 16 मई को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया था। एंटीजन जांच में पॉजिटिव आने पर नवाबगंज के श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
उधर, सफीपुर में आठ, मियागंज में चार, फतेहपुर चौरासी में तीन, सिकंदरपुर कर्ण में तीन, बीघापुर में तीन, सुमेरपुर में एक, सिकंदरपुर सरोसी में 10 लोग संक्रमित निकले हैं। हिलौली में एक, नवाबगंज में तीन, असोहा में एक, हसनगंज में चार, पुरवा में तीन, औरास में छह, बांगरमऊ में 11, शहर के अलग-अलग मोहल्लों में 14 व शुक्लागंज में आठ लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने 188 मरीजोें की हालत में सुधार हुआ है। इसमें सरस्वती मेडिकल कॉलेज में पांच व होम आइसोलेट के 183 मरीज शामिल हैं।