उन्नाव/शुक्लागंज। जिले में कोरोना से एक अधेड़ की मौत हो गई। जांच में नौ और लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। 12 की हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया।
सिकंदरपुर कर्ण सरोसी पीएचसी प्रभारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रदीप दिवाकर ने जानकारी दी कि सरैया गांव के 50 वर्षीय अधेड़ की सोमवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई। उसे बुखार के अलावा सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन तुरंत पास के नर्सिंग होम ले गए । वहां से कानपुर रेफ र कर दिया गया। इसके बाद परिजन कानपुर के परेड स्थित एक नर्सिंग होम ले गए। वहां पर अधेड़ की एंटीजन जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मरीज को हैलट रेफर कर दिया।
हैलट ले जाते समय रास्ते में अधेड़ ने दम तोड़ दिया। डॉ. विजय ने बताया कि हैलट प्रशासन की ओर से सोमवार शाम तक उन्नाव सीएमओ पोर्टल पर रिपोर्ट नहीं भेजी गई। परिजन बिना किसी कोविड प्रोटोकाल पॉजिटिव मृतक को घर ले गए। कोरोना का संक्रमण और न फैले इसलिए स्वास्थ्य पर्यवेक्षक को भेज कर परिजनों को पॉजिटिव व्यक्ति के शरीर से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
कोरोना से मरने वालों की संख्या शुक्लागंज में अब सोलह पहुंच गई है। एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से हुई जांच में बीघापुर में 32 व 36 साल के दो युवक, हिलौली में 34 साल की महिला, बांगरमऊ में 25 साल का युवक, मियागंज में 35 साल का युवक, नवाबगंज में 27 साल का युवक, शुक्लागंज में 15 साल का किशोर, शहर के मोहल्ला कब्बाखेड़ा में 36 साल का युवक व पीडीनगर में 32 साल की महिला की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। कोविड प्रभारी एसीएमओ डॉ. जयराम सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 3489 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 3196 मरीजों को घर भेजा जा चुका है। 215 का इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना से 79 लोगों की मौत हो चुकी है।
--------------