उन्नाव। जेठ माह के पहले मंगलवार के शहर के सभी हनुमान मंदिरों में भक्तों ने पवनपुत्र का पूजन-अर्चन किया। पूड़ी सब्जी और बेसन के लड्डू का भोग लगाया गया। मंदिर परिसर बजरंग बली के जयकारों से गूंज उठे। इस दौरान शहर के कई क्षेत्रों में भक्तों ने स्टाल लगाकर राहगीरों को शर्बत बाटा। भक्तों ने पूड़ी-सब्जी के अलावा मिष्ठान का भी प्रसाद वितरित किया।
जेठ के पहले मंगल पर शहर के सभी मंदिर केसरी नंदन की जयकार से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने श्रीराम चरित मानस पाठ और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। जगह-जगह पर शर्बत वितरण किया गया। इसके अलावा आवास विकास कालोनी, शास्त्री पार्क तिराहा, मोतीनगर स्थित रामजानकी मंदिर के बाहर समेत अन्य स्थानों पर प्रसाद वितरण हुआ। शहर के बड़े हनुमान मंदिर में पवनपुत्र का शृंगार व पूजन अर्चन किया गया। बाबा के भक्त भक्तिगीतों पर झूमते रहे। मंदिर परिसर हनुमान जी के भक्तिगीत बजते रहे। शहर में दर्जनों स्थानों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।