उन्नाव। ब्लाकस्तर पर होने वाले भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के विरोध की रूपरेखा तैयार करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में सभी 16 ब्लाकों व एक शहर मुख्यालय पर एक साथ अध्यादेश की प्रतियां जलाने का निर्णय लिया गया।
मंगलवार को बैठक में पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने ब्लाक अध्यक्षों एवं पीसीसी सदस्यों से कहा कि यह आंदोलन कांग्रेस के प्रचार का नहीं बल्कि कांग्रेस के किसानों के प्रति जो सोच है उसे साबित करने का है। केंद्र सरकार की वजह से किसानों के दुर्दिन दिन आए हैं उससे अन्नदाता बेहाल है। उसका दुख सुनने वाले सरकार के नुमाइंदे गायब हैं। ऐसी स्थिति में कांग्रेस के लोग किसानों के साथ खड़े होकर उनको हौसला देंगे। उनको यह भी बताएंगे कि किसानों की सेवा या मदद सदैव कांग्रेस ही कर सकती है।
प्रभारी शिवशंकर शुक्ला ने कहा कि उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने प्रदेश के लगभग 425 ब्लाकों मेें एक साथ एक समय में मोदी सरकार के काले कारनामों, किसान विरोधी अध्यादेश को जलाने का निर्णय लिया है। यूपीए सरकार की तर्ज पर मोदी सरकार को किसानों का ऋण माफ करना चाहिए।
संगठन मंत्री अशोक धानविक ने कहा कि मोदी का भूमि अधिग्रहण बिल अगर लागू हो जाता है तो इसके विरोध में बैठकें होंगी। गांव-गांव संपर्क कर 12 मई को भूमि अधिग्रहण के अध्यादेश का विरोध करेंगेे।
बैठक में वीर प्रताप सिंह, हरि प्रसाद कुरील, हसन वासिफ, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, राज कुमार लोधी, अंकित परिहार, कमल तिवारी, अनवर खुर्शीद, अनुराग सिंह, बोधराज सिंह, मुहम्मद सलीम खां, श्याम सिंह, आशुतोष शर्मा, के कुमार आदि रहे।