आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अब हिस्ट्रीशीटरों की मदद लेगी। इसके लिए मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के सभी नए पुराने हिस्ट्रीशीटरों को बुलाया गया। लॉ एंड आर्डर लागू करने के लिए उनसे सलाह ली गई साथ ही उनको कुछ कड़े निर्देश भी दिए गए।
एसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रांगण में थानाक्षेत्र के सभी हिस्ट्रीशीटरों की बैठक ली। इस दौरान कोतवाल सतीश गौतम ने अनुभवी हिस्ट्रीशीटरों से पूछा कि आगामी प्रधान पद के चुनाव में शांति व्यवस्था कैसे कायम रहेगी। जवाब में कुछ बुजुर्ग हिस्ट्रीशीटरों ने अपने-अपने सुझाव रखे।
इस पर कोतवाल ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती तब होती है जब पुराने हिस्ट्रीशीटर पर्दे के पीछे से अपराध करते हैं। सामने वाले उन्हें समझ नहीं पाते हैं और कार्रवाई दूसरे पर हो जाती है। कहा कि पंचायत चुनाव अब आपके हवाले रहेगा। आप जब भी पुलिस की मदद मांगेंगे सहायता की जाएगी।
पर ध्यान रहे कि फर्जी सूचनाएं नहीं आनी चाहिए। चेतावनी देते हुए कोतवाल ने कहा कि इसके बाद भी यदि किसी गांव में बवाल होता है तो फिर बलवाइयों के साथ-साथ हिस्ट्रीशीटरों पर भी कार्रवाई होगी। कहा कि जिसका चाल-चलन अच्छा रहेगा और सामाजिक कार्यों में हिस्सेदारी रहेगी तो उसकी हिस्ट्रीशीट बंद करने की सिफारिश की जाएगी। बैठक में करीब एक सैकड़ा हिस्ट्रीशीटर मौजूद रहे।