अपनों की बेरुखी के शिकार परिवार के बुजुर्गों को इलाज के अब भटकना नहीं पडे़गा। बुजुर्गों को समय से इलाज मिले इसके लिए प्रदेश सरकार की नई पहल है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री सुधीर रावत ने जिला अस्पताल में शिविर का शुभारंभ करते हुए यह बातें कही। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत उन्नाव से की जा रही है। जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। 'बाबा दादी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के नाम से शुरू की गई योजना में 167 बुजुर्गों ने पंजीकरण कराया और संबंधित डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज कराया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी कार्ययोजना तैयार की गई। कहा कि आज के व्यस्त समय में लोगों को छुट्टी नहीं मिल पाती इसलिए रविवार का दिन तय किया गया ताकि लोग परिवार के बुजुर्गों को अस्पताल ले जाकर इलाज करा सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से डॉक्टरों व स्टाफ की कमी पूरी की जाएगी। सपा जिलाध्यक्ष व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनवार अहमद ने कहा कि बुजुर्गों के लिए शिविर लगाया जाना पुण्य कार्य है। इसी तरह की और योजनाओं के संचालन के लिए शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। सीएमएस डॉ. एसपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश स्तर की यह योजना जिले में पायलेट रूप में शुुरू हो रही है। इस योजना को आगे तक ले जाने में स्वास्थ्य विभाग पूरा सहयोग देगा। सीएमओ डॉ. गीता यादव व अन्य स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। संचालन एसीएमओ डॉ. एके त्रिपाठी ने किया। 'बाबा दादी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में पहले दिन 167 बुजुर्गों ने पंजीकरण कराया और संबंधित डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज कराया। शिविर में निरीक्षण के दौरान आदर्श नगर मोहल्ला निवासी शिवमंगल तिवारी ने मंत्री को अस्पताल से दवाएं न मिलने की शिकायत की। स्वास्थ्य मंत्री सीएमएस कों इसमें सुधार के निर्देश दिए। स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने बताया कि 'बाबा-दादी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में आशाएं भी सहयोग करेंगी।
मंडल स्तर पर लगेंगी डायलेसिस मशीनें
स्वास्थ्य राज्यमंत्री सुधीर रावत ने बताया कि सपा सरकार एक और नई पहले करने जा रही है। मंडल स्तर पर दस-दस डायलेसिस मशीनें लगाई जाएंगी। एक मशीन एक दिन में तीन मरीजों की डायलेसिस करेंगी। यह सुविधा एकदम मुफ्त होगी। मार्च 2016 तक इसकी शुरुआत कर दी जाएगी।
केनरा बैंक ने लगाया कैंप
जिला अस्पताल के बाबा दादी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में केनरा बैंक के मैनेजर राहुल रमन ने भी कैंप लगाया। यहां स्वास्थ्य परीक्षण कराने आए बुजुर्गों में जिसको डॉ. नेे नेक कॉलर, कान की मशीन व चश्में लगाने की सलाह दी उसे बैंक की ओर से चश्में उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में जय बाबा फाउंडेशन ने भी सहयोग किया।
सीनियर सिटीजन ने सराहा
सीनियर सिटीजन संस्था के अध्यक्ष यतींद्र नाथ मिश्र ने इस दिवस को संस्मरण के रूप में मनाए जाने की बात कही। वहीं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संस्थान के महामंत्री डॉ. हरिश्चंद्र तिवारी ने वरिष्ठों के लिए एक अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे गरीब बुजुर्गों को अधिक लाभ मिलेगा। वह यहां आकर अपना इलाज मुफ्त में करा सकेंगे।