माखी थाना क्षेत्र के उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कस्बे के पास कोटे का चावल लेकर जा रहा ट्रक घने कोहरे के कारण सड़क के नीचे खंती में पलट गया। इससे 300 बोरी चावल सड़क किनारे फैल गया। चालक- परिचालक सुरक्षित निकाल लिए गए। ट्रक मालिक ने दूसरे ट्रक में चावल लोड करवाकर सफीपुर गोदाम भेज दिया है।
एफसीआई गोदाम उन्नाव से 300 बोरा चावल लादकर ट्रक चालक पप्पू निवासी संडीला हरदोई, परिचालक मुंशी के साथ शुक्रवार रात नौ बजे सफीपुर जाने के लिए निकला था। चकलवंशी के पास घने कोहरे के कारण चालक को सामने से आ रहे वाहन की रोशनी से सड़क दिखाई नहीं दी और ट्रक नीचे खंती में जाकर पलट गया।
इससे ट्रक में लदे चावल के बोरे खंती में बिखर गए। चालक व परिचालक को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों ने चालक व परिचालक को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल भेज दिया। ट्रक मालिक बांगरमऊ निवासी आशुतोष ने दूसरे ट्रक से चावल सफीपुर गोदाम भिजवाया।