उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाम और हादसे रोकने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पांच ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना व जाम बाहुल्य स्थान) के सुधार पर 130 करोड़ रुपये खर्च करेगा। तीन स्थानों पर पुल, एक फुट ओवरब्रिज और दो जगह सर्विस रोड बनाई जाएंगी।
कानपुर-लखनऊ हाईवे की जाजमऊ से लखनऊ सीमा तक जिले में कुल लंबाई 82 किमी है। इस दायरे में पांच ऐसे दुर्घटना बाहुल्य स्थान चिह्नित हैं जहां औसतन हर रोज कोई न कोई हादसा होता है। सड़क सुरक्षा समिति में बार-बार मुद्दा उठने पर डीएम गौरांग राठी ने एनएचएआई को वृहद कार्ययोजना बनाकर सुधार कराने को कहा था।
डीएम की ओर से गठित संयुक्त कमेटी ने हाईवे पर 16 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए, हालांकि 11 में छोटे-छोटे सुधार करके हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा, लेकिन पांच स्थान ऐसे चिह्नित हुए जहां पुल, फुट ओवर ब्रिज, सर्विस रोड जैसे बड़े खर्च वाले काम कराने की आवश्यकता सामने आई।
एनएचएआई ने इन पांचों स्थानों पर कराए जाने वाले कामों के लिए 130 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्रीय कार्यालय को भेजी थी, इसे मंजूरी मिल गई है।
उन्नाव-पुरवा मार्ग से जोड़ने वाले दही चौकी तिराहा पर पुल का निर्माण काया जाएगा। पुरवा मोड़ पर अंडरपास बनाकर पुरवा, मौरावां से मोहनलालगंज के रास्ते लखनऊ जाने-आने वाले वाहन इसी अंडर पास से निकलेंगे और कानपुर व लखनऊ की ओर जाने वाहन सीधे पुल से निकल जाएंगे।
नवाबगंज कस्बा के सामने हाईवे पर तिराहा पर एनएचएआई पुल बनाएगा। यहां नवाबगंज कस्बा मार्ग के अलावा ब्लाक कार्यालय और पीएचसी, हाईवे से सटी होने से हादसे होते हैं। पुल बनने से यातायात सुरक्षित और सुगम होगा।
आशा खेड़ा में भी लगभग हर दूसरे दिन कोई न कोई छोटा,बड़ा हादसा होता है। एनएचएआई यहां पर हाईवे के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग व वाहन सवार सीधे हाईवे पहुंचने के बजाए सर्विस रोड से जाएंगे और हादसे रुकेंगे।
चमरौली चौराहा भी हादसों को देखते हुए दुर्घटना बाहुल्य स्थान है यहां पर एनएचएआई एक फुट ओवर ब्रिज और बनाएगा। वहीं हाईवे के दोनों तरफ सर्विस रोड भी बनाए जाएंगी। दोनों तरफ के गांवों के लोग और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं सड़क पार करने के बजाए इस फुट ओवर ब्रिज से सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे।
कानपुर की तरफ पड़ने वाले त्रिभुवन खेड़ा चौराहा के पास भी एक फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी मिल गई है। इससे रायबरेली, गंगा बैराज कानपुर मार्ग से आने वाले वाहनों में होने वाली दुर्घटनाएं रुकेंगी। (संवाद)
-
सांसद ने भी की थी मांग
सांसद साक्षी महाराज की मांग पर हाईवे के गदनखेड़ा बाईपास चौराहा पर वर्ष 2019 में पुल बनाने की मंजूरी दी थी और अप्रैल 2024 में बनकर तैयार हो गया। इसके बाद से सांसद ने लखनऊ-कानपुर हाईवे पर होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए अन्य स्थानों पर पुल, फुट ओवर ब्रिज और सर्विस रोड बनाने के लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को मांगपत्र दिया था। इसके बाद दही चौकी, नवाबगंज, आशा खेड़ा और त्रिभुवन खेड़ा में होने वाले इन कामों को मंजूरी मिली है।
इस साल सात महीने में हाईवे पर 97 लोगों की मौत
इस साल के सात महीने में जिले में हुए सड़क हादसों में अबतक 342 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 97 लोगों की मौत हाईवे पर हुए हादसों में गई।
हाईवे और एक्सप्रेसवे से घिरे जिले में रोज कई हादसे होते हैं। इस साल एक जनवरी से 31 मार्च तक जिले में 542 सड़क हादसे हुए और 342 लोगों की मौत हुई जबकि 453 लोग घायल हुए।
हाईवे पर हादसे रोकने के लिए ब्रिज, फुट ओवर ब्रिज और सर्विस रोड बनाने को स्वीकृति मिली है। कुल 130 करोड़ रुपये से खर्च होंगे। कुछ औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही हैं। इसके बाद बजट जारी होगा। अगले दो महीने में काम की शुरू हो जाएंगे।
कर्नल शरद चंद्र सिंह, पीडी एनएचएआई