जिला अस्पताल में भर्ती गोली लगने से प्रथ्वीराज।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पुरानी गुटबाजी के चलते मंगलवार शाम लखनऊ-कानपुर हाईवे पर स्टेडियम के सामने दो गुटों में गाली-गलौज और मारपीट के बाद हुई फायरिंग से अफरातफरी मच गई। एक पक्ष के युवक की पीठ में गोली लग गई। उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। गोली लगने से घायल जिम ट्रेनर के दोस्त ने चार लोगों पर जानलेवा हमले और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस निवासी पृथ्वीराज 25 पुत्र दिवंगत कुंवर सिंह का आरोप है कि मंगलवार शाम वह अपने दोस्त आफीसर्स कालोनी विकास भवन रितिक वर्मा पुत्र गिरजाचरन वर्मा व एक अन्य के साथ बाइक से नवाबगंज स्थित कुसहरी देवी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के पं दीनदयाल स्टेडियम के पास पहले से घात लगाए दो बाइकों पर सवार मोतीनगर निवासी देवेश सिंह, प्रांजुल, शुभम त्रिवेदी व उसके भाई यश त्रिवेदी ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गोली जिम ट्रेनर पृथ्वीराज की पीठ में धंस गई। साथियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने घायल के बयान दर्ज किए। पृथ्वीराज के दोस्त रितिक वर्मा ने देवश, प्रांजुल, शुभम व यश त्रिवेदी के विरुद्ध जानलेवा हमले और एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी शुभम और यश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोतवाल बोले, घायल पक्ष के घेराबंदी करने पर चलाई गोली
सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि घटना में नामजद आरोपियों में सगे भाई शुभम और यश दही चौकी स्थित एक फैक्ट्री में काम करते हैैं। मंगलवार शाम फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर जा रहे थे। घायल पृथ्वीराज और उसके चार अन्य दोस्तों ने पुरानी खुन्नस में यश और शुभम को सबक सिखाने के लिए रास्ते में घेराबंदी की। जिस पर शुभम पक्ष ने फायर कर दिया और गोली पृथ्वीराज को लगी है। देवेश की लोकेशन और मौजूदगी उसके गांव पूरा निस्फपंसारी की मिली है, जबकि प्रांजुल की लोकेशन सीसीटीवी फुटेज में उसके घर पर मिली है। पेशबंदी में इन दोनों के नाम शामिल किए गए हैं। घटना की जांच की जा रही है। किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।