पहले चरण की चुनाव ड्यूटी के लिए रवानगी के समय गैरहाजिर सौ से अधिक कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
ऐन मौके पर कर्मचारियों के नदारद रहने से अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। किसी तरह अफसरों ने रिजर्व कर्मचारियों को इन कर्मचारियों की जगह बूथों के लिए रवाना किया। इस दौरान ब्लाक मुख्यालयों में काफी अफरातफरी रही।
विकासखंड बिछिया, पुरवा, असोहा व हिलौली की डीडीसी व बीडीसी सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव कराने के लिए 819 पोलिंग पार्टियों को लगाया गया है। इन पोलिंग पार्टियों को गुरुवार सुबह छह बजे जीआईसी मैदान से बसों से ब्लाकों के लिए रवाना किया गया।
कुछ कर्मचारियों ने निजी साधनों से ब्लाक पहुंचने की जानकारी दी थी लेकिन जब ब्लाक से बूथों के लिए रवाना किया जाने लगा तो कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। अधिकारियों के बार-बार घोषणा करने के बाद भी जब कर्मचारी नहीं पहुंचे तो अफसरों ने किसी तरह रिजर्व कार्मिकों को संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में रवाना किया।
असोहा प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लाक में उस समय अफरातफरी मच गई जब एडीओ पंचायत सोमेश्वर नाथ पांडेय अचानक बेहोश हो गए। आनन-फानन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। यहां करीब दो दर्जन से ज्यादा कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
आरओ डीएस बघेल के लेट पहुंचने पर सीडीओ संदीप कौर ने फटकार लगाई। ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पानी व नाश्ते को तरस गए। पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार, पीठासीन समेत 26 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
पूछताछ के अलावा अन्य काउंटर बनाए गए थे। यहां एसडीएम पुरवा प्रशांत भारती, उपजिलाधिकारी हसनगंज अर्चना द्विवेदी, सीओ आरपी चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मौरावां प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड हिलौली में डीएम सौम्या अग्रवाल ने खुद पोलिंग पार्टियों को रवाना कराया। पर्यवेक्षक मुकुल सिंघल ने सभी ब्लाकों में जाकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया।
रात को गिनती करने पर करीब 120 कर्मचारियों के नदारद रहने की सूचना मिनले पर डीएम ने सभी कर्मचरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया।