तृतीय चरण में 18 अक्तूबर को होने वाले चार ब्लाकों के मतदान के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट में चार ब्लाकों की 12 जिला पंचायत सीटों के लिए 115 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं क्षेत्र पंचायत की 306 सीटों के लिए 1009 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया।
फतेहपुर चौरासी प्रतिनिधि के अनुसार, बीडीसी की 76 सीटों के लिए 209 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पर्चा दाखिल करने के लिए छह काउंटर बनाए गए थे। वहीं नामांकन के लिए पहुंचे एक प्रत्याशी राजेश के साथ भीड़ और नारेबाजी को लेकर पुलिस ने उन्हें और छह अन्य को आचार संहिता उल्लंघन का दोषी माना।
इसके अलावा एक ट्रैक्टर को भी सीज कर दिया। सफीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, घूंघट की आड़ में भारी संख्या में महिलाएं अपना नामांकन कराने पहुंची। विकासखंड की 78 बीडीसी सीटों के लिए 304 लोगों ने अपना पर्चा दाखिल किया। गंजमुरादबाद प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लाक में क्षेत्र पंचायत की 72 सीटें हैं।
इन सीटों पर ताल ठोंकने के लिए 219 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय ब्लाक कार्यालय में नामांकन कराने वालों की भारी भीड़ रही। पहले दिन शाम 4 बजे तक 275 पर्चे दाखिल हुए। कुल 80 सीटों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।
नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में महिलाओं की संख्या इसलिए अधिक रही क्योंकि प्रमुख का पद सामान्य महिला के खाते में गया है। रिटर्निंग आफीसर डॉ. शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री बड़ी संख्या में हुई है। बुधवार को भी नामांकन पत्र दाखिल होंगे।