उन्नाव। रजिस्टर अपडेट न मिलने पर एक खाद दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं दुकानें बंद करने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
जिला कृषि अधिकारी शशांक कुमार ने शनिवार शाम को 10 खाद व बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद एवं बीज दुकानों पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, वितरण व स्टॉक रजिस्टर, कैश मेमो आदि की जांच की। इस दौरान रजिस्टर अपडेट न मिलने और अन्य खामियां मिलने पर चौरसिया कृषि सेवा केंद्र कालूखेड़ा असोहा का लाइसेंस निलंबित कर दिया। वहीं गुप्ता खाद भंडार असोहा, बालाजी खाद भंडार चंदनखेड़ा, इफको बाजार पुरवा व मिथिलेश बीज भंडार परियर को निरीक्षण के दौरान दुकानें बंद करने पर कारण बताओ नोटिस जारी की गई। जिला कृषि अधिकारी ने दुकानदारों को दुकान पर रेट व स्टॉक बोर्ड लगाकर वितरण करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी दशा में अन्य सामान की टैगिंग न की जाए। किसानों से कहा कि यदि उन्हें खाद मिलने में किसी भी प्रकार की समस्या आ रही हो तो कंट्रोलरूम नंबर 9214848105 पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।