सफीपुर (उन्नाव)। कस्बा स्थित महात्मा गांधी इंटर काॅलेज का डीआईओएस ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें 1200 पंजीयन के सापेक्ष मात्र 100 छात्र उपस्थित मिले। इसपर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इसके अलावा बिना सूचना के अनुपस्थित शिक्षक, लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में भी एक शिक्षक न मिलने पर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोष जनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही।
डीआईओएस सुनील दत्त शनिवार सुबह कस्बा स्थित महात्मा गांधी इंटर काॅलेज पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। इसमें सहायक अध्यापक राघवेन्द्र मिश्रा, सहायक लिपिक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मिथलेश कुमार और कपिल बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने तीनों से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा 1200 के सापेक्ष महज 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिलने पर नाराजगी जताई। इसके बाद प्रधानाचार्य से इसका कारण पूछा। इस पर प्रधानाचार्य ने बारिश के कारण न पहुंचने की बात कही। इसके अलावा डीआईओएस राजकीय बालिका इंटर काॅलेज पहुंचे। सहायक अध्यापक रजनीश चंद्र बाजपेई नहीं मिले। इसपर उन्होंने स्पष्टीकरण तलब किया। यहां 738 के सापेक्ष 350 छात्राएं उपस्थिति मिलीं। डीआईओएस ने विशेष अभियान चलाकर अभिभावकों से संपर्क कर 90 प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।