उन्नाव। दिल्ली में आप की रैली में किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले को पार्टी संयोजक ने विरोधियों की साजिश बताया है। गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में इसका ठीकरा पुलिस और मीडिया पर फोड़ा।
आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि जब राजस्थान का किसान पेड़ पर चढ़ रहा था तब पार्टी के नेता दिल्ली पुलिस से बार-बार पेड़ पर चढ़े आदमी को उतारने के लिए कहते रहे, परंतु इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
किसान की मौत के बाद भी आप नेताओं द्वारा भाषण दिए जाने की मीडिया की रिपोर्टों को गलत ठहराते हुए जिला कहा कि उसको पेड़ से उतारने के लिए हमारे पार्टी के वालंटियर ही चढ़े थे। उस समय कोई पुलिस का जवान नहीं पहुंचा था। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता मृत किसान को देखने अस्पताल भी गए थे। इस समय जो कुछ चल रहा है वह हमारी पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए है।
जिस किसान नेे आत्महत्या की है वह राजस्थान का निवासी है। वहां भी भाजपा और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। हमारी पार्टी ने किसानों की भूमि के जबरदस्ती अधिग्रहण करने के लिए बनाए गए कानून का विरोध रैली के माध्यम से किया उसके चलते ही यह सब दुष्प्रचार किए गए।
उनकी पार्टी द्वारा दिल्ली विधानसभा के दौरान किए गए चुनावी वादों को पूरा किया जा रहा है इसे देखकर विरोधी बौखला गए हैं। वार्ता के दौरान मोहम्मद आरिफ, समरजीत सिंह, मोहम्मद मेराज, मोहम्मद जफर व हरिमोहन निगम मौजूद रहे।