पोस्टमार्टम हाउस में रोती बिलखती मृतक रामलखन की पत्नी राधा व बच्चे।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर(उन्नाव)। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा गांव का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगा होने से दोनों के सिर में गंभीर चोट आने की पुष्टि हुई है। जिला अस्पताल से हैलट और वहां से रेफर होने पर घायल को परिजनों ने शहर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर है।
माखी थाना क्षेत्र के थाना गांव निवासी किसान रामलखन (38) पुत्र चेता सिंह शुक्रवार देर शाम गांव के साथी अवधेश उर्फ साजन (24) पुत्र खड़े बहादुर सिंह के साथ बाइक से सफीपुर के कछियनखेड़ा मोहल्ला में रहने वाली अपनी बहन बुधाना पत्नी सर्वेश के घर गया था। रात लगभग 11 बजे घर लौटते वक्त उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के जटपुरवा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगा होने से बाइक चला रहा रामलखन व उसका दोस्त अवधेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने सीएचसी सफीपुर में भर्ती कराया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रामलखन को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अवधेश को कानपुर हैलट रेफर कर दिया। कुछ देर इलाज होने के बाद डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। जिस पर परिजनों ने अवधेश को शहर के आदर्श नगर स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने रामलखन के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक रामलखन के दो बेटी 16 वर्षीय आकांक्षा व 6 वर्षीय आयुषी के अलावा 3 साल का बेटा आयुष है। पिता की मौत पर बच्चे बदहवास हो गए। वहीं, 3 साल का आयुष पिता की मौत से अंजान था। पत्नी राधा व मां कमला का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों को सीने से चिपका उनके सिर से पिता का साया उठने की बात कह मां राधा बेसुध हो रही थी। चचेरे भाई धर्मेंद्र ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। खेती के सहारे वह जीवन यापन करत था। उसकी मौत से अब परिवार में रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।