बेहटामुजावर। श्रमिक की दो दिन पहले हुई मौत के मामले में परिजनों ने डेयरी संचालक व दो चालकों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने डेयरी संचालक और दोनों चालकों को निर्दोष बताया। इस दौरान थाने में हंगामा भी हुआ। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
थानाक्षेत्र के तकिया निगोही के मजरा अतरी गांव निवासी प्रताप पाल (20) पड़ोसी गांव निगोही निवासी मथुरा की दूध डेयरी पर नाप तौल का काम करता था। 20 मई की रात वह पवारनखेड़ा निवासी चालक करन के लोडर में दूध लादने कन्हईखेड़ा गांव गया था। चालक की तबीयत खराब होने पर गांव का संजीत वहां गया था। उसने अपनी बाइक प्रताप पाल को दी थी और लोडर लेकर खुद आ रहा था।
रात करीब 10 बजे गौरियाकला-तकिया मार्ग पर कन्हईखेड़ा गांव के बाहर निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे अंडर पास के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रताप की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कान के नीचे खरोच, सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। इस घटना में गुरुवार को दोनों पक्ष थाने पहुंचे। प्रताप पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोप निराधार बताया। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष थाने आए थे। डेयरी संचालक और एक चालक से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।