गुरुवार को शहरवासी होली के रंग में रंगे रहे। लोगों ने सुबह से ही रंग-गुलाल उड़ाना शुरू कर दिया। मोहल्लों में युवकों ने एक-दूसरे को बुलाकर टोली बनाई और चौराहों व प्रमुख मार्गों पर एकत्र हो गए। युवकों ने एक-दूसरे से खूब रंग खेला। सड़कों से गुजरने वालों को भी नहीं बख्शा।
वाहन सवारों को रोककर बुरा न मानो होली है कहते हुए रंग दिया। चौराहों व गली नुक्कड़ों पर लाउडस्पीकरों पर होली गीत बजते रहे। क्या युवा, क्या बच्चे सभी होली के रंग में रंगे नजर आए और गीतों पर खूब जमकर नाचे। दूसरे दिन शुक्रवार को भी जमकर रंग चला। हर गली चौराहों पर होरियारों की ही टोलियां नजर आईं। ग्रामीण अंचलों में रंगों के साथ फाग का दौर चलता रहा। सुबह से बच्चे पिचकारियां लेकर छतों पर डटे रहे और घर के बाहर से गुजरने वाले लोगों पर रंग की बौछार करते रहे। वृद्ध भी होली के रंग में सराबोर रहे और शाम को घर जाकर बधाई देने का दौर शुरु हुआ।
एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाया। गुझिया व नमकीन खाकर होली की बधाई दी। साथ ही पुराने गिले-शिकवे दूरकर एक दूसरे के गले मिले। दो दिनों तक लोग होली के रंग में रंगे रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग होली की खुमारी में डूबे नजर आए। जगह-जगह लाउडस्पीकरों पर बजते फिल्मी गीतों की धुन पर बच्चे व नौजवान थिरकते हुए एक दूसरे को रंग से सराबोर करते रहे। शाम को लोग एक- दूसरे के घर जाकर गले मिले।
बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में इस बार होली दहन अलग-अलग स्थानों पर 22 व 23 मार्च को किया गया। रंग भी दो दिन 23 व 24 को खेला गया। होली पर्व पर पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था भी चाक चौबंद रही। वहीं चंदिकाखेड़ा, एकघरा, गोडियनखेड़ा,बद्दीखेड़ा में नशेबाजी के चलते मारपीट की घटनाएं र्हुइं। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
होरियारों ने मटकी फोड़ मनाया त्योहार
चकलवंशी (उन्नाव)। कस्बे में सैकड़ों होरियारों ने शुक्रवार सुबह मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्र में पहली बार मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन होने के कारण इसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कस्बे के आलोक विश्वास, आकाश विश्वास, अंकित राजपूत, मेवालाल, विपिन यादव, छोटू यादव, रामचंद्र, दीपक मुकेश, उमेश, शांतनु, नारायन सिंह, मिंटू, पुत्तन गुप्ता सहित दर्जनों लोगों ने मटकी फोड़ने की कसरत की। इसमें मेवालाल को सफलता मिली। उसने सबसे ऊंचे चढ़कर मटकी फोड़ी। मटकी फूटने के बाद सभी ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगा जमकर होली खेली।
फाग गीतों पर झूमे लोग
विकास खंड हसनगंज के ग्राम भिखारीखेड़ा में सामाजिक संस्था नवयुग जनचेतना के बैनर तले होली मिलन कार्यक्रम हुआ। सुंदरपुर, सिंघनापुर व दरियापुर के फाग गायकों ने स्वरचित फागों से कार्यक्रम में शमां बांध दिया। गायक राकेश पाल ने ‘भजि लेव शंकर नाम पियारा... और परमेश्वर रावत ने भजि लेव... महेश गिरिजा नंदन गीत प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। सुनील पाल ने धनुष शंकर का उठा लिया तो राजकुमार पाल ने भूपति कीन प्रतिज्ञा भारी... पंक्तियां प्रस्तुत कीं। इसी प्रकार पवन सुत जाव सिया सुध लेन, कपि ते पूछे जनक दुलारी, तुम हम चिह्नित न महाबीरा जब सिया खबर लई आयो... आदि फाग गीतों को सुनकर श्रोता वाह-वाह कहने को मजबूर हुए। आयोजक पुत्तन लाल पाल के सभा में बाजि ढोल महारानी व बन का निकरि गए दो भाई... फाग गीत पर समारोह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान एक-दूजे को अबीर गुलाल लगा व गले मिलकर सामाजिक एकता व समरसता की मिसाल कायम की। इस अवसर पर मनोज पाल, राम, ठाकुर प्रसाद, रजन लाल, छोटेलाल आदि मौजूद रहे।