नेडा के परियोजना अधिकारी एसडी दुबे।
- फोटो : अमर उजाला
एनर्जी सेविंग कंपेन में पंजीकरण कराने में सूबे में अव्वल रहने पर स्थानीय नेडा के परियोजना अधिकारी एसडी दुबे की पीठ थपथपाई गई है। बुधवार को लखनऊ में उनका सम्मान होगा। नेडा की निदेशक संगीता सिंह ने पत्र भेजकर उन्हें पुरस्कृत करने के लिए लखनऊ बुलाया है।
ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से 14 दिसंबर 2015 को ऊर्जा संरक्षण जागरूकता के लिए यूपी सेवएनर्जी.काम नाम का एक वेबपोर्टल लांच किया गया था। पोर्टल ने अप्रैल 2016 से काम करना शुरू किया। अप्रैल से अब तक पोर्टल को खोलने और उसमें पंजीकरण कराने में जनपद हमेशा आगे रहा। अंतिम तिथि पर गणना की गई तो इस पोर्टल पर जिले के प्राइमरी, जूनियर और हाईस्कूल के 306662 छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके थे। इसी आधार पर जिले को सूबे में पहला स्थान हासिल हुआ। प्रदेश के अन्य शहरों, कानपुर, लखनऊ, इलाहाबाद में भी ऐसी जागरूकता नहीं देखी गई। इन महानगरों के छात्र-छात्राएं पोर्टल खोलने और पंजीकरण कराने में काफी पीछे रहे। जिले को टॉप पर बनाए रखने के लिए नेडा पीओ एसडी दुबे को सम्मानित किया जा रहा है। बुधवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया जाएगा। निदेशक संगीता सिंह ने उनके प्रयासों को सराहनीय बताया है।
इंसेट-1
पहले पांच स्थान पर रहे जनपद और पंजीकरण कराने वाले बच्चों की संख्या
जनपद बच्चों की संख्या
उन्नाव 306662
इलाहाबाद 270493
सुल्तानपुर 201241
लखनऊ 152520
अमेठी 145915