उन्नाव। बार एसोसिएशन चुनाव में मंगलवार को हुई मतगणना में सतीश कुमार शुक्ल सातवीं बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। महामंत्री पद पर बृजेश कुमार ने जीत दर्ज की। सतीश ने प्रतिद्वंदी रामसुमेर सिंह को 338 मतों से हराकर जीत हासिल की है। वहीं महामंत्री पद पर बृजेश कुमार शुक्ल ने प्रतिद्वंदी अजय गौतम को 93 मतों से शिकस्त दी। बार सभागार में मतगणना के बाद एल्डर कमेटी के सदस्यों ने अध्यक्ष सहित सभी 11 पदों के लिए हुए चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए हैं।
उन्नाव बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम घोषित करने के लिए एल्डर कमेटी के सदस्य जयराम सिंह, प्रकाश कुमार निगम, विजय कुमार शुक्ल व रश्मि मोहन अगिभनहोत्री की देखरेख में मंगलवार सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हुई।
प्रत्याशी और उनके समर्थक हर चक्रवार घोषणा पर नजरे लगाए रहे। जैसे-जैसे चुनाव नतीजों की स्थिति साफ होती गई, बढ़त हासिल करने वालों में जोश और हार की ओर बढ़ रहे प्रत्याशी व उनके समर्थक वहां से जाते रहे। कहीं विवाद की स्थिति न बने इसे लेकर पुलिस बल तैनात रहा। अध्यक्ष व महामंत्री पद की गणना पूरी होते ही सभी पदों के नतीजों की घोषणा की। अध्यक्ष पद सतीश कुमार शुक्ल को कुल 778 मत मिले। जबकि प्रतिद्वंदी प्रत्याशी रामसुमेर सिंह को 440 मत मिले। सतीश 338 मतों से विजयी घोषित किया गया।
महामंत्री (जनरल सेकेटरी) पद पर बृजेश कुमार शुक्ल को 320 मत मिले। जबकि प्रतिद्वंदी अजय गौतम दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें 227 मत मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवप्रकाश पांडेय को 379 मत मिले। जबकि 310 मत हासिल कर पंकज कुमार श्रीवास्तव दूसरे नंबर पर रहे। शिवप्रकाश ने 69 मतों से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर पवन कुमार अवस्थी ने 264 मत हासिल किए। जबकि 201 मत पाकर गोपालकृष्ण दीक्षित दूसरे स्थान पर रहे।
कोषाध्यक्ष पद पर संदीप अवस्थी को 285 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंदी राघवेंद्र पाल को 243 मत मिले। संदीप ने 42 मतों से जीत हासिल की। साथ ही कनिष्ठ सदस्य, संयुक्त मंत्री, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय, कार्यकारिणी के छह सदस्यों व छह वरिष्ठ छह सदस्य पदों के नतीजे घोषित किए। मतगणना के दौरान सभी पदों पर 399 मत अवैध मिले।
--
अधिवक्ता हितों के लिए करेंगे काम
उन्नाव बार एसोसिएशन के सातवीं बार अध्यक्ष बने सतीश कुमार शुक्ल ने कहा कि यह सभी अधिवक्ताओं की जीत है। उनके हित में हमेशा काम करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया। पिछले चुनाव में सतीश 51 मतों से चुनाव हार गए थे। लेकिन उसे अपनी हार न मानते हुए पूरे साल अधिवक्ताओं के हितों के लिए काम करते रहे। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने महामंत्री सहित अन्य विजयी पदाधिकारियों के साथ मंदिर पहुंचकर प्रसाद चढ़ाया।
पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे बृजेंद्र
महामंत्री पद पर विजय हासिल करने वाले बृजेंद्र कुमार शुक्ल को पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें साल 2020 के चुनाव में 152 मत मिले थे। लेकिन उन्होंने अपना प्रयास नहीं छोड़ा और लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत की और सफलता हासिल की।
सोशल मीडिया पर मतपत्र वायरल करने पर वोट निरस्त
मतदान के दौरान एक अधिवक्ता ने वोट डालने के बाद मतपत्र को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी एल्डर्स कमेटी के सदस्यों ने गोपनीयता भंग होते देख हुई उसका वोट निरस्त कर दिया।